इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक महिला IAS अधिकारी के फार्महाउस पर पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेल रहे 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 6 आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13.68 लाख रुपये नकद, 30 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर अवालीपुरा गांव स्थित एक फार्महाउस में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक फार्महाउस का मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर अवैध रूप से जुआ संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ BNS और जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस जुए के आयोजन का मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कुबड़ा, फार्महाउस का केयरटेकर रंजीत चौधरी और कुछ अन्य लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह फार्महाउस IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिवार का है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को पत्र लिखकर शिकायत की कि कुछ अज्ञात लोग उनके फार्महाउस में अवैध रूप से घुसकर आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपियों द्वारा चोरी भी की गई हो सकती है और उनके खिलाफ अलग से मामला दर्ज करने की मांग की है।

इंदौर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने बताया कि IAS अधिकारी के पत्र की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि लोग फार्महाउस में अवैध रूप से कैसे घुसे।

वहीं इस मामले में लापरवाही के आरोप में मानपुर थाना प्रभारी, बीट के एक सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि फार्महाउस के अंदर जुआ कैसे चल रहा था और पुलिसकर्मियों की इसमें क्या भूमिका थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!