अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में वन विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। यहां आवारा कुत्तों के हमले में 15 हिरणों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, 14 हिरणों ने शनिवार को ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हिरण की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।घटना सामने आते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संजय पार्क को तीन दिनों के लिए आम लोगों के लिए बंद कर दिया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।

सरगुजा के डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया पार्क प्रबंधन में लापरवाही सामने आई है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने तत्काल कार्रवाई की।कार्रवाई के तहत डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा, वनपाल ममता परते, प्रतीमा लकड़ा और बिंदू सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा अंबिकापुर के रेंजर अक्षपलक ऋषि को कारण बताओ नोटिस जारी कर 5 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!