बीजापुर: बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिम सीमावर्ती जंगलों में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत 05 मई को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक वर्दीधारी महिला माओवादी को ढेर कर उसके पास से एक 303 रायफल बरामद की गई है।पिछले 12 दिनों से चल रहे इस संयुक्त अभियान के दौरान अब तक कुल 04 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से तीन शव 24 अप्रैल और एक शव 05 मई को बरामद हुआ। अभियान में अनेक हथियारों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक, राशन, दवाएं, डेटोनेटर और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ स्थल से मिले निशान इस बात का संकेत देते हैं कि और भी कई माओवादी या तो मारे गए हैं अथवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते सभी शवों को बरामद नहीं किया जा सका है।इस अभियान में DRG, STF, CoBRA, CRPF और अन्य बलों की संयुक्त टीम लगातार सक्रिय है। अब तक सैकड़ों नक्सली ठिकाने और बंकर ध्वस्त किए जा चुके हैं। अभियान के दौरान कई IED विस्फोट भी हुए, जिनमें सुरक्षा बलों के कुछ जवान घायल हुए। सभी घायल जवान अब खतरे से बाहर हैं और उन्हें समुचित चिकित्सा प्रदान की जा रही है।

वर्ष 2024 में मिली बड़ी सफलताओं को आगे बढ़ाते हुए 2025 के पहले चार महीनों में बस्तर संभाग में चलाए गए अभियानों के तहत अब तक कुल 129 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। यह अभियान सुरक्षा बलों की मजबूत रणनीति, जनता के सहयोग और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!