बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भागवतपुर में पुलिस ने मिर्च के पौधे तोड़ने के विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

जानकारी के अनुसार ग्राम भागवतपुर निवासी तिलदेव अगरिया ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मई 2026 की रात उसके बड़े भाई नंदलाल अगरिया के खेत से कुछ मिर्च के पौधे अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़ दिए गए थे। इसी बात को लेकर नंदलाल अगरिया, उसकी पत्नी सविता अगरिया, पुत्र कार्तिक अगरिया तथा एक अन्य व्यक्ति गोकुल अगरिया उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

रिपोर्ट में बताया गया है कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच आरोपियों ने मिर्च के पौधे तोड़ने का आरोप लगाते हुए तिलदेव और उसकी पत्नी निर्मला के साथ मारपीट की। इस दौरान कार्तिक अगरिया ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे तिलदेव घायल होकर गिर पड़ा। वहीं अन्य आरोपियों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में निर्मला अगरिया के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई।

घटना के बाद घायल दंपती को 108 एंबुलेंस की सहायता से शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 296,351(2),115(2),3(5),118,333 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने 11 जून को आरोपी नंदलाल अगरिया (45 वर्ष), सविता अगरिया (35 वर्ष) एवं कार्तिक अगरिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!