


T20 World Cup 2026 : में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर भारत ने खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी अहमदाबाद स्थित हनुमान टेकरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
दरअसल, T20 World Cup 2026 के फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी मंदिर पहुंचे थे और जीत के बाद दोबारा पूजा-अर्चना करने का संकल्प लिया था। ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा पूरी की। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी लेकर मंदिर पहुंचे और विशेष पूजा की।
हनुमान टेकरी मंदिर के पुजारी ईश्वर दास ने बताया कि खिलाड़ियों ने मैच से पहले मंदिर में पूजा की थी और जीत के बाद फिर से दर्शन करने की बात कही थी। टीम की जीत के बाद वे ट्रॉफी के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला।
T20 World Cup 2026 के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के सामने न्यूजीलैंड की टीम दबाव में आ गई।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 96 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारत मेजबान देश के रूप में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया। सोशल मीडिया पर टीम इंडिया के मंदिर दर्शन का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।































