

बलरामपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा में वित्तीय अनियमितता के मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत हरिगवां के पंचायत सचिव और रोजगार सहायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पंचायत सचिव जान टोप्पो (39) निवासी अमेरा और रोजगार सहायक संजय दास (40) निवासी मनकेपी शामिल हैं। इस मामले की शिकायत जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सीईओ वेदप्रकाश पांडे द्वारा थाना शंकरगढ़ में दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों के अपूर्ण मकानों को फर्जी जियो टैग कर पूर्ण दर्शाया और राशि उनके खातों में ट्रांसफर कराकर अंगूठा लगवाकर गबन किया।जांच में यह भी पाया गया कि मनरेगा के तहत फर्जी मास्टर रोल जारी कर मजदूरी की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इस तरह कुल 10 लाख 5 हजार 881 रुपये का गबन किया गया।
जानकारी के अनुसार पंचायत में 26 आवास पूर्ण और 47 आवास निर्माणाधीन हैं, लेकिन कई अपूर्ण आवासों को फर्जी तरीके से पूर्ण दिखाकर राशि निकाल ली गई। कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति को अलग-अलग नामों से लाभ दिलाने और अपूर्ण आवासों पर भी भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई है।इसके अलावा, कुछ हितग्राहियों के खातों से ओटीपी के जरिए रकम ट्रांसफर करने और कई बार अंगूठा लगवाकर नगद राशि निकालने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।शंकरगढ़ पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

































