अंबिकापुर: सरगुजा जिले में गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की सक्रियता देखने को मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार गुम इंसानों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी मामलों में खोजबीन की और संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षित दस्तयाब किया। पहले मामले में 5 फरवरी को घर से लापता हुई एक महिला को खोजकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। दूसरे मामले में नवंबर 2025 से लापता एक महिला को भी पुलिस ने ढूंढकर परिवार को सौंप दिया।इसी तरह तीसरे मामले में 2 मार्च को घर से बिना बताए चले गए एक युवक को पुलिस ने तलाश कर परिजनों के हवाले किया। चौथे मामले में 9 मार्च को अपने बच्चे के साथ घर से निकली महिला और बच्चे को भी सकुशल बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक संजीव चौबे, दीपक दास और आलोक गुप्ता की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाती है। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!