अंबिकापुर: सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़वा को डंडा और पत्थर से मारकर उसकी मौत करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मठपारा निवासी मोहर लाल यादव ने 26 फरवरी को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 फरवरी की रात उसने अपने मवेशियों को घर के पास बांधा था। इसी दौरान एक पड़वा खुला हुआ था, जिसे गांव के ही पनेश्वर मुण्डा और विकास मुण्डा ने डंडे और पत्थर से दौड़ा-दौड़ाकर मारना शुरू कर दिया। पड़वा के चिल्लाने की आवाज सुनकर शिकायतकर्ता की पत्नी बाहर निकली तो दोनों आरोपी उसे भी गाली-गलौज करने लगे। गंभीर मारपीट के कारण पड़वा की मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 37/26 के तहत धारा 325 बीएनएस, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 04 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पशु चिकित्सक से मृत पड़वा का पोस्टमार्टम कराया और गवाहों के बयान दर्ज किए।इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों विकास मुण्डा (25) और परमेश्वर उर्फ पनेश्वर मुण्डा (27) निवासी मठपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और पत्थर जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी के नेतृत्व में एएसआई अनिल पाण्डेय सहित पुलिस टीम ने की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!