अंबिकापुर:  शहर के संजय पार्क के पास स्थित मयूरी ई-रिक्शा एजेंसी में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कई ई-रिक्शा, डीजे साउंड सिस्टम, एम्पलीफायर और बैटरियां जलकर खाक हो गईं। घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर संजय पार्क के पास स्थित एजेंसी में ई-रिक्शा के साथ-साथ डीजे साउंड सिस्टम से जुड़े उपकरणों का भी कार्य किया जाता है। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे शोरूम के भीतर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व ई-रिक्शा इसकी चपेट में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही एजेंसी संचालक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीमों ने आग की तीव्रता को देखते हुए तीन गाड़ियों को मौके पर बुलाया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या बैटरी फटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!