LPG Cylinder Delivery Scam: दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे युद्ध और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. इसी स्थिति का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं और LPG उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर एक नया ऑनलाइन फ्रॉड तेजी से फैल रहा है.

ऐसे हो रहा Scam

हाल के दिनों में कई लोगों को सोशल मीडिया, WhatsApp और SMS के जरिए ऐसे मैसेज और विज्ञापन मिल रहे हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि अगर अभी ऑनलाइन पेमेंट कर दिया जाए तो अगले ही दिन गैस सिलेंडर घर पर डिलीवर कर दिया जाएगा. यह ऑफर देखने में बहुत आकर्षक लगता है, इसलिए कई लोग बिना जांच-पड़ताल किए लिंक पर क्लिक कर देते हैं. लेकिन असल में यह एक साइबर ठगी का तरीका है. जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है. यह वेबसाइट दिखने में बिल्कुल असली गैस कंपनी की वेबसाइट जैसी होती है, जिससे लोगों को लगता है कि वे सही जगह पर हैं.

लोगों से मांगा जाता है OTP

इसके बाद वेबसाइट पर सिलेंडर बुक करने के नाम पर ऑनलाइन पेमेंट, बैंक डिटेल या UPI जानकारी मांगी जाती है. कई बार लोगों से OTP या UPI PIN भी मांगा जाता है. जैसे ही व्यक्ति पेमेंट करता है, पैसा सीधे साइबर ठगों के खाते में चला जाता है. इसके बाद न तो गैस सिलेंडर मिलता है और न ही पैसे वापस मिलते हैं.

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार यह ठगी आमतौर पर तीन चरणों में की जाती है-

पहला चरण फर्जी विज्ञापन का होता है. Facebook, Instagram या Google पर ऐसे विज्ञापन दिखाए जाते हैं जिनमें तुरंत गैस डिलीवरी का वादा किया जाता है.
दूसरे चरण में यूजर को नकली वेबसाइट पर ले जाया जाता है.
यह वेबसाइट असली कंपनियों की वेबसाइट की तरह डिजाइन की जाती है, जिससे लोगों को शक नहीं होता. तीसरे चरण में पेमेंट करवाकर ठग पैसे लेकर गायब हो जाते हैं.

WhatsApp या SMS पर भी भेज रहे मैसेज

सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, बल्कि कई मामलों में लोगों को सीधे WhatsApp या SMS पर भी ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं. इन मैसेज में अक्सर लिखा होता है कि अगर तुरंत लिंक पर क्लिक नहीं किया गया तो गैस सिलेंडर किसी और को दे दिया जाएगा. इस तरह लोगों पर जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाया जाता है.

दिल्ली पुलिस ने सावधान रहने की दी सलाह

दिल्ली पुलिस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस तरह के मैसेज और विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि असली गैस कंपनियां जैसे Indane, BharatGas और HP Gas कभी भी अनजान लिंक के जरिए पेमेंट करने के लिए नहीं कहतीं.

आधिकारिक वेबसाइट पर करें बुकिंग

अगर आपको गैस सिलेंडर बुक करना है तो हमेशा आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत डीलर का ही इस्तेमाल करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी बैंक डिटेल, OTP या UPI PIN साझा न करें.

ठगी हुई तो यहां करें संपर्क

अगर किसी के साथ इस तरह की ठगी हो जाती है तो तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है. सबसे पहले 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर कॉल करें. इसके अलावा cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. साथ ही अपने बैंक को तुरंत जानकारी देना भी जरूरी है.  विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय पर शिकायत कर दी जाए तो कई मामलों में पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए जागरूक रहना और सतर्कता बरतना ही इस तरह के साइबर फ्रॉड से बचने का सबसे अच्छा तरीका है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!