रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है और CG Assembly Budget Session के दौरान सदन में एक बार फिर तीखी बहस और हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आज जंबूरी विवाद और आत्मानंद स्कूलों की स्थिति का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल इस मामले को उठाएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी आत्मानंद स्कूलों की स्थिति और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल लगाया है। इन सवालों का जवाब स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सदन में देंगे। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़े सवालों पर मंत्री लखन लाल देवांगन और डिप्टी सीएम अरुण साव भी जवाब देंगे। CG Assembly Budget Session के दौरान इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।

सदन की कार्यवाही में ध्यानाकर्षण के दौरान भी कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस विधायक कविता लहरे आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को इलाज नहीं मिलने के मामले को सदन में उठाएंगी। वहीं विधायक अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट से पानी प्रदूषित होने की समस्या पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

इसके अलावा आज सदन में मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम के विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी विचार किया जाएगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को भी CG Assembly Budget Session के दौरान धान खरीदी के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला था। विपक्ष ने ‘मुसवा’ के नाम पर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि खरीदे गए धान का बड़ा हिस्सा चूहों द्वारा नष्ट हो गया, जबकि कुछ धान अधिकारियों की लापरवाही या गलत प्रबंधन के कारण खराब हो गया। इस मुद्दे को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक हुई थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!