गौरेला-पेंड्रा-मरवाही( अभिषेक सोनी): बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने शुक्रवार को जिले का एकदिवसीय दौरा कर पुलिस व्यवस्था और विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में आईजी गर्ग ने लंबित अपराधों और मर्ग प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने थाना व चौकी प्रभारियों को पीड़ितों की शिकायत स्वयं सुनकर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना स्वयं करने के निर्देश दिए। साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।दौरे के दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर रिकॉर्ड के समुचित संधारण और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस कंट्रोल रूम की निर्माणाधीन इमारतों का भी निरीक्षण कर कार्य समय सीमा में पूर्ण करने को कहा।

इसके अलावा थाना गौरेला का निरीक्षण कर उन्होंने सशक्त एप के माध्यम से अधिक से अधिक वाहनों की जांच, बीट प्रणाली को मजबूत करने, अनुभव क्यूआर कोड के प्रचार-प्रसार तथा साइबर प्रहरी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए साइबर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साइबर सेल के निरीक्षण के दौरान नेटग्रिड, समन्वय पोर्टल और क्राइमैक पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग कर साइबर अपराधों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।आईजी गर्ग ने ग्राम अमरपुर स्थित पुलिस रक्षित केंद्र का भी निरीक्षण किया और बल व संसाधनों के बेहतर रखरखाव तथा पुलिस वाहनों के नियमित मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!