


बलरामपुर: बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के महुली गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार क्लिंकर से भरा ट्रक और चावल लोड ट्रक तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्लिंकर लोड ट्रक में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक चालक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं चावल लोड ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
































