


छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर नया रायपुर में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना की अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा कि सरकार इस कठिन समय में शहीद आरक्षक के परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “आज नया रायपुर में वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैंने उनकी बिटिया अनामिका से दूरभाष पर बात कर सांत्वना व्यक्त की है। सरकार इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना राज्योत्सव के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राज्य सरकार ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा है कि फुलजेश पन्ना ने अपने कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च समर्पण दिखाया। पुलिस विभाग के अधिकारी और सहकर्मी भी उनके निधन से गहरे दुख में हैं।
छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार और राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि दी है और उनके परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
































