

बिलासपुर : डोंगरगढ़ नवरात्रि स्पेशल ट्रेन को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर आई है। चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर में लगने वाले मेले में आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) से कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 23 मार्च से 28 मार्च तक चलेगी। इस दौरान यह 63 स्टेशनों पर रुकेगी और पूरी दूरी तय करने में करीब 14 घंटे 30 मिनट का समय लेगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 06883 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–कोरबा मेमू स्पेशल सुबह 5 बजे इतवारी से रवाना होगी। यह ट्रेन बीच के निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7.30 बजे कोरबा पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 06884 कोरबा–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) मेमू स्पेशल सुबह 5.10 बजे कोरबा से चलेगी और शाम 7.30 बजे इतवारी पहुंचेगी। डोंगरगढ़ नवरात्रि स्पेशल ट्रेन से मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
डोंगरगढ़ पहुंचने का समय भी यात्रियों के लिए अहम है। इतवारी से चलने वाली ट्रेन सुबह 9.06 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और 9.11 बजे आगे रवाना होगी। वहीं वापसी में कोरबा से आने वाली ट्रेन दोपहर 1.41 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद इतवारी के लिए रवाना हो जाएगी। इससे दर्शन के लिए आने-जाने वालों को काफी सहूलियत मिलेगी।
डोंगरगढ़ नवरात्रि स्पेशल ट्रेन का ठहराव कलमना, कामठी, कन्हान, भंडारा रोड, तुमसर रोड, तिरोड़ा, गोंदिया, आमगांव, सालेकसा, दरेकसा, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिल्हा, चकरभाठा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा और उरगा सहित कुल 63 स्टेशनों पर रहेगा। नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।

































