

मुंबई : धुरंधर 2 पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद वहां इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म के रिलीज होते ही पड़ोसी देश में इसका पाइरेटेड वर्जन पहुंच गया और सोशल मीडिया पर इससे जुड़े पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक पाकिस्तानी पत्रकार ने X पर एक क्लिप शेयर की है, जिसमें वह लाहौर में टीवी पर धुरंधर द रिवेंज देखते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के बाद भारत और पाकिस्तान, दोनों तरफ के यूजर्स ने जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं।
बताया जा रहा है कि धुरंधर के पहले पार्ट को भी पाकिस्तान में काफी पसंद किया गया था। उस समय भी कई पोस्ट और वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें लोग रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म की तारीफ करते दिखे थे। इतना ही नहीं, पाकिस्तान की गलियों में धुरंधर की पाइरेटेड सीडी बिकने की खबरें भी सामने आई थीं। अब दूसरे पार्ट के रिलीज होते ही वही ट्रेंड फिर देखने को मिल रहा है। धुरंधर 2 पाकिस्तान में बैन जरूर है, लेकिन दर्शकों की दिलचस्पी कम नहीं हुई है।
खालिद महमूद खालिद नाम के एक ट्विटर हैंडल से शेयर की गई क्लिप में फिल्म का शुरुआती सीन दिखाया गया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया कि वह लाहौर में धुरंधर 2 देख रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई मजेदार कमेंट्स आए। किसी ने टीवी स्क्रीन पर कटाक्ष किया, तो किसी ने ब्रह्मोस से तुलना करते हुए फिल्म को “फ्री” बताया। वहीं कुछ यूजर्स ने खुलेआम पाइरेसी पर भी सवाल उठाए।
धुरंधर 2 पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद वहां की दिलचस्पी भारतीय सिनेमा के प्रति आकर्षण को भी दिखाती है। रिपोर्ट के अनुसार, पहले पार्ट की पाइरेटेड सीडी पाकिस्तान में 50 रुपये तक में बिक रही थी। उधर भारत में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में हैं। धुरंधर द रिवेंज को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है और पहले दिन इसकी भारत में 145 करोड़ रुपये नेट कमाई बताई जा रही है।

































