


सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम करंजवार में शुक्रवार सुबह गेहूं के खेत में एक नर हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वन विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर क्षेत्र से लगे करंजवार गांव के ग्रामीणों ने सुबह खेत में लगभग 15 वर्षीय नर हाथी का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों के मुताबिक यह हाथी पिछले तीन-चार दिनों से आसपास के इलाकों में घूम रहा था। खेत में पड़े हाथी के शव को देखने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।ग्रामीणों ने बताया कि हाथी की सूंड पर काले निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर के डीएफओ डीपी साहू और एसडीओ फॉरेस्ट संस्कृति बारले सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में भी जांच की, हालांकि अब तक करंट लगाए जाने के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं।
एसडीओ फॉरेस्ट संस्कृति बारले ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।वन विभाग ने बताया कि जिस स्थान पर हाथी का शव मिला है, वहां खेतों की ऊंचाई ज्यादा नहीं है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
































