अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धान उठाव और परिवहन करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना लखनपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खाद्य निरीक्षक लखनपुर सतपाल सिंह कंवर ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाहन क्रमांक CG-07-BS-0366  एक ही नंबर प्लेट के साथ दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहा है। राज्य स्तरीय इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से मिले अलर्ट के बाद जिला खाद्य अधिकारी के निर्देश पर जांच की गई।जांच के दौरान धान खरीदी केंद्र जमगला से धान परिवहन में लगे उक्त ट्रक को 6 फरवरी 2026 को थाना लखनपुर लाकर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। मौके पर वाहन चालक राम मानिकपुरी (27 वर्ष), निवासी हुसैनी नगर महामाया मंदिर अंबिकापुर वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंबिकापुर से प्राप्त जांच रिपोर्ट में सामने आया कि ट्रक पर CG-07-BS-0366 नंबर प्लेट फर्जी तरीके से लगाई गई थी। वाहन के चेसिस नंबर की ऑनलाइन जांच में पता चला कि ट्रक का वास्तविक पंजीयन नंबर CG-15-DJ-9799 है। इस तरह एक ही फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर दो अलग-अलग वाहनों का संचालन किया जा रहा था।पुलिस ने मामले में चालक राम मानिकपुरी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं वाहन मालिक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक निशिकांत एक्का, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!