


कोरिया: बैकुंठपुर स्थित रक्षित केंद्र में शुक्रवार को डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम के दौरान डायल 112 की कार्यप्रणाली, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम तथा आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से पुलिस, अग्निशमन और एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाएं एक ही नंबर पर तुरंत उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे संकट की स्थिति में शीघ्र सहायता सुनिश्चित होती है।
इस कार्यशाला में सेवा की गुणवत्ता सुधारने, तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रतिक्रिया समय कम करने और आम जनता तक सेवा की पहुंच बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों से सुझाव भी लिए गए और भविष्य में डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया गया।यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजेश साहू के पर्यवेक्षण में रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े द्वारा संपन्न कराई गई।

































