
सूरजपुर: सूरजपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसदेई पुलिस ने गांजा के पौधे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के निर्माणाधीन मकान से करीब 10-10 फीट ऊंचे गांजा के दो पौधे जड़ समेत उखाड़कर जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ( ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 26 अगस्त 2026 को चौकी बसदेई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जूर साहूपारा निवासी रविशंकर साहू के निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में गांजा के पौधे उगाए गए हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन मकान की तलाशी ली। इस दौरान कमरे से करीब 10-10 फीट ऊंचे गांजा के दो पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने जड़ समेत उखड़वाकर जब्त कर लिया।मामले में पुलिस ने आरोपी रविशंकर साहू पिता रामकेश्वर साहू (24 वर्ष), निवासी ग्राम जूर साहूपारा, चौकी बसदेई को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशीले पदार्थों की खेती, बिक्री एवं तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




















