
रायपुर। रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दुर्ग और रायगढ़ के बीच विशेष पैसेंजर ट्रेन चलाने का फैसला किया है। 27 से 29 अगस्त 2026 तक यह ट्रेन तीन फेरे लगाएगी, जिससे दुर्ग से लेकर रायगढ़ तक सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
सुबह दुर्ग से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होगी और शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, कुम्हारी, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर नैला, चांपा, सक्ती और खरसिया समेत रास्ते के अन्य स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस स्पेशल ट्रेन से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ सहित कई इलाकों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रायगढ़ से शाम को शुरू होगा वापसी का सफर
वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग पैसेंजर स्पेशल शाम 7:40 बजे रायगढ़ से रवाना होगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन रात 10:20 बजे बिलासपुर, रात 11:25 बजे भाटापारा और रात 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन तड़के 2 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
10 कोच के साथ मिलेगी अतिरिक्त यात्रा सुविधा
रेलवे के मुताबिक, इस विशेष ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव कम होने के साथ ही त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को सफर का एक और विकल्प मिल सकेगा।




















