बीजापुर: बीजापुर जिले में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के अधिकांश छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई प्रमुख सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। बीजापुर से बारेगुड़ा, गंगालूर समेत कई इलाकों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

बीजापुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। कई स्थानों पर नदी-नालों का पानी सड़कों के ऊपर से बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। बीजापुर-बारेगुड़ा, गंगालूर सहित कई प्रमुख मार्ग बंद होने से सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु रिहायशी इलाकों में निकल सकते हैं। ऐसे में बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

किसी भी आपात स्थिति, जनहानि, दुर्घटना, बाढ़ में फंसे लोगों या राहत एवं बचाव की आवश्यकता होने पर तत्काल एनडीआरएफ और संबंधित तहसील कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!