गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के बहुचर्चित अपहरण मामले में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि तीन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से इन आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे ग्राम उषाढ़, थाना मरवाही निवासी गिरीश यादव (41 वर्ष)का दो अज्ञात व्यक्तियों ने पिस्टल दिखाकर उनके घर से कथित रूप से अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने उन्हें जबरन एक बलेनो कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ित की पत्नी ने थाना मरवाही में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं तीन आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी पहचान प्रीत उर्फ प्रीतम खूंटे (निवासी तुषार, थाना जैजैपुर, जिला सक्ति), अब्दुल खान उर्फ पप्पू (निवासी रामसागरपारा, दर्री रोड, जिला कोरबा) तथा मुकेश संधु(निवासी वीर सावरकर वार्ड, जरवाय उर्फ हीरापुर तेंदुआ, जिला रायपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनके विरुद्ध थाना मरवाही में एक अन्य मामले में भी विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। इसके अलावा सक्ति, कोरबा तथा ओडिशा के मलकानगिरी जिले में भी गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!