

प्रधानमंत्री के जनस्वास्थ्य विजन एवं मुख्यमंत्री के मातृ एवं बाल स्वास्थ्य के संकल्प को मिला बल
कलेक्टर के नेतृत्व में 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा, अब शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को प्रारंभ किए गए राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। महिलाओं को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान में जिले ने 8,785 लक्ष्य आबादी के विरुद्ध 7,931 बालिकाओं का टीकाकरण कर 90 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के अनुरूप बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं सतत मॉनिटरिंग में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले ने समन्वित प्रयास करते हुए अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया। दूरस्थ एवं विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र बालिकाओं का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया गया। जिले में 631 नियोजित सत्रों के विरुद्ध 492 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से अभिभावकों और किशोरियों को एचपीवी संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर संपर्क कर पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया परिणामस्वरूप जिले ने 90 प्रतिशत के साथ उपलब्धि हासिल की।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग एवं अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले ने राज्य में अग्रणी स्थान अवश्य प्राप्त किया है, लेकिन हमारा लक्ष्य केवल प्रथम स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र बालिका का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि छूटी हुई प्रत्येक पात्र बालिका की पहचान कर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित करें तथा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, आश्रम-छात्रावासों और समुदाय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बालिका एचपीवी टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों वाला बलरामपुर-रामानुजगंज जिला आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के जनकल्याणकारी विजन, मजबूत प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट परिणाम लाए जा सकते हैं।










