

रायपुर। राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मिली शिकायत पर नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनआईटी के आसपास संचालित सात संस्थानों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर संबंधित संस्थानों पर कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
शिकायत मिलते ही हरकत में आया निगम अमला
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन क्रमांक-7 की टीम ने कार्रवाई की। जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जीई रोड स्थित एनआईटी के आसपास विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में मिली कई अनियमितताएं
औचक जांच के दौरान सातों संस्थानों में स्वच्छता संबंधी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। निरीक्षण के समय परिसर में गंदगी के साथ प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल भी पाया गया। जांच में जनशिकायत सही पाए जाने के बाद निगम ने तत्काल कार्रवाई की।
भविष्य के लिए दी कड़ी चेतावनी
नगर निगम की टीम ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी। साथ ही सभी के खिलाफ ई-चालान जारी करते हुए कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।











