कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की कार में जिंदा जलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस चर्चित तिहरे हत्याकांड में चार और आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। हालांकि इस मामले का एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

चार आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण

पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

कार में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाए गए थे तीन लोग

16 जून की रात नौगई गांव में हुई इस वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। आरोपियों ने भाजपा नेता भारत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों पर हमला कर उनकी फॉर्च्यूनर कार में पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। इस भयावह घटना में कार के भीतर ही भाजपा नेता की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में एक और की मौत, कई का इलाज जारी

घटना में घायल वीरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों को पहले अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

रेत कारोबार को लेकर पुराना विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खूनी संघर्ष रेत खदान और ठेकेदारी से जुड़े पुराने विवाद का परिणाम हो सकता है। मृतक भारत सिंह उर्फ लल्ला सिंह बैकुंठपुर के महलपारा के रहने वाले थे और गांव में गिट्टी क्रेशर के साथ रेत खदान का भी संचालन करते थे। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन लल्ला सिंह के समर्थकों और त्रिपाठी परिवार के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच रेत कारोबार को लेकर पहले से तनाव बना हुआ था।

पुलिस ने नौ लोगों पर दर्ज किया मामला, जांच जारी

पुलिस ने पूरे मामले में नौ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। हालांकि अब तक पुलिस ने हत्या के पीछे की पूरी साजिश और घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। जांच एजेंसियां सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले के कई अहम पहलुओं से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!