

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बैकोना के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर प्रतापपुर की ओर जा रहे थे। बैकोना गांव से कुछ दूरी पहले डायल-112 की टीम एक ट्रक को रोककर उसकी जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क पर खड़े ट्रक में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद बैकोना गांव में शोक का माहौल है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और वाहन जांच के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर वाहन रोककर जांच की जा रही थी, तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे।साथ ही, लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि डायल-112 टीम को नियमित वाहन जांच के लिए वाहनों को रोकने का अधिकार है या नहीं। हालांकि, इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





















