

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने पहले अपने पिता पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, फिर बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पिता से विवाद के बाद निकाला चाकू
पुलिस के अनुसार, कुदुदंड निवासी सागर सूर्यवंशी का बुधवार रात किसी बात को लेकर अपने पिता मुन्ना सूर्यवंशी से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर में रखा धारदार चाकू निकालकर पिता पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। जान का खतरा देखते हुए पिता ने किसी तरह खुद को बचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
चाकू छीनने पहुंचे आरक्षक पर किया हमला
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना क्षेत्र की ईगल-02 डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घेर लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पास में रखा भारी डंडा उठाया और आरक्षक मोरज सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अतिरिक्त पुलिस बल ने आरोपी को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना का अतिरिक्त पेट्रोलिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया और उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आई मानसिक बीमारी की बात
प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सागर सूर्यवंशी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है और उसका लंबे समय से मानसिक बीमारी का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





















