

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़ादस्ता की टीम ने दो लाख रुपये का 396 नग नशीली इंजेक्शन के साथ तीन आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया। एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी।
सहायक जिला अधिकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर जिला सरगुजा थाना गांधीनगर के अंतर्गत चार नशीले इंजेक्शन के व्यापारियों पर कार्रवाई की गई।

अक्षय जायसवाल निवासी कर्रा थाना राजपुर जिला बलरामपुर को आसडांढ घंघरी बाज़ार के पास पकड़ा गया उसके कब्जे से 120 नग REXOGESIC INJECTION व 120 नग AVIL INJECTION जब्त किया गया जिसकी कीमत लगभग 120000 रुपए आंकी है। मुखबिर की सूचना पर शाम को मुलत: बिहार का रहने वाला नमना कला निवासी ओम उर्फ शौर्य पाठक जो कि किराए का मकान लेकर सरगवां में रहता था उसके किराए के मकान में दबिश देकर उसके कब्जे से 38 नग REXOGESIC INJECTION व 38 नग AVIL INJECTION जब्त की गई जिसकी कीमत लगभग 38000 रुपए आंकी है। कार्यवाही के बाद ओम पाठक आबकारी स्टाफ को शौच करने के बहाने चकमा देकर फरार हो गया।पतासाजी के दौरान रात्रि गश्त में पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर पहुंचने पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को खड़े देख सरकारी वाहन रोकने पर दोनों हड़बड़ाने लगे दोनों से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों राजपुर जिला बलरामपुर के रहने वाले हैं एक का नाम विवेक कुमार सोनी तथा दूसरे का नाम प्रिंस एक्का था। दोनों की तलाशी में एक झोलेमें 40 नग REXOGESIC INJECTION व 40 नग AVIL INJECTION जब्त की गई जिसका बाजार मूल्य लगभग 40000 रुपए आंकी है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 ( सी )के तहत कार्रवाई की गई। तीन आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया। वही एक फरार आरोपी ओम पाठक की तलाश की जा रही है।

































