PM Modi inaugurates Ganga Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात देते हुए गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। सुबह 11 बजे हुए इस कार्यक्रम में 37 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस मेगा प्रोजेक्ट को देश के विकास की नई दिशा बताया गया। यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज से मेरठ को जोड़ता है और यात्रा समय को 12 से 13 घंटे से घटाकर लगभग 6 से 7 घंटे कर देगा।

विकास और विरासत का संगम बताया पीएम मोदी ने
उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे मां गंगा के नाम पर रखा जाना केवल एक नाम नहीं बल्कि विकास और विरासत का संगम है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को इस नामकरण और परियोजना के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह देश के विकास के नए विजन को दर्शाता है।

12 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ेगा यह मेगा कॉरिडोर
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों से होकर गुजरता है। यह परियोजना न केवल आवागमन को तेज बनाएगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी। इस एक्सप्रेसवे में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, हाईटेक कैमरा निगरानी, आपातकालीन सेवाएं और एयरस्ट्रिप जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं।

आपात स्थिति में भी सक्षम, एयरस्ट्रिप की खास सुविधा
इस एक्सप्रेसवे की एक बड़ी विशेषता शाहजहांपुर में बना 3.5 किलोमीटर लंबा रनवे है, जहां जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग भी की जा सकेगी। यह इसे देश के सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में शामिल करता है।

120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन
इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। तय सीमा से अधिक गति पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। अभी यह 6 लेन का है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक विस्तार देने की योजना है।

टोल व्यवस्था भी पूरी तरह डिजिटल और फास्ट
टोल प्लाजा पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा। कार, जीप, वैन और हल्के वाहनों के लिए टोल 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है।

उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे कई बड़े चेहरे
इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह परियोजना पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच विकास की दूरी को कम करने वाला अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!