

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित कमल फ्यूल के पास हुआ, जहां ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे अंबिकापुर की ओर से आ रहे ट्रक (क्रमांक CG 07 CS 7684) और लखनपुर से अंबिकापुर जा रही तेज रफ्तार बाइक (क्रमांक CG 29 A 3196) के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-130 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग, हेलमेट पहनने और शराब पीकर वाहन न चलाने की समझाइश दी जा रही है, इसके बावजूद हादसों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

































