

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दरिमा तहसील में पदस्थ कर्मचारी अनिल कुमार गुप्ता को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को एंटी करप्शन में प्रभावशाली बताकर शिक्षा विभाग के एक लिपिक से 2 लाख रुपये की मांग की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ लिपिक अखिलेश सोनी को आरोपी अनिल गुप्ता ने अपने झांसे में लिया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी एंटी करप्शन ब्यूरो में अच्छी पकड़ है और वह किसी भी कार्रवाई से बचा सकता है। इसी के एवज में उसने पीड़ित से 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।पीड़ित अखिलेश सोनी ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और अंबिकापुर के घड़ी चौक पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी दरिमा तहसील में लिपिक के पद पर पदस्थ है और लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और ACB ने साफ संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

































