

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम अरगोती के सड़क पारा में आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति सामने आई है। यहां वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवन में संचालित किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और बच्चों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह क्षेत्र हाथी प्रभावित होने के कारण करीब 7 वर्ष पूर्व लाखों रुपए की लागत से नया आंगनबाड़ी भवन बनाया गया था। निर्माण के बाद लगभग एक वर्ष तक केंद्र का संचालन भी उसी भवन में किया गया, लेकिन बाद में भवन का फर्श करीब दो फीट तक धंस गया, जिससे वह बच्चों के बैठने के लिए अनुपयुक्त हो गया।स्थिति बिगड़ने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजती टोप्पो को मजबूरी में केंद्र को किराए के मकान में संचालित करना पड़ रहा है। किराए के भवन में पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, पोषण आहार वितरण और अन्य गतिविधियों में बाधाएं आ रही हैं।ग्रामीणों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शासन-प्रशासन से जर्जर भवन की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवन को ठीक नहीं किया गया, तो बच्चों की सुरक्षा और भविष्य दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत कराकर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराता है।





























