

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंड टू एंड विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बिहार और झारखंड से दो सरगना आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार थाना कुसमी क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड और थाना कोरंधा क्षेत्र के ग्राम तुर्रिपानी में अवैध अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और एफएसएल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी। जांच के दौरान कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ तथा कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरीपानी खजूरी में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती पाई गई। दोनों मामलों में गाम त्रिपुरी से कुल 4344.569 किलोग्राम कीमत करीब 4,75,00,000 रूपये तथा ग्राम तुरीपानी खजूरी से कुल 1883.76 किलोग्राम कीमत करीब रूपये 2,00,00,000 रूपये जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड और बिहार के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
इसी कार्रवाई के दौरान थाना कुसमी के अपराध क्रमांक 26/2026 का आरोपी सरगना पैरू सिंह भोक्ता पिता मटूक सिंह भोक्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोमिया, थाना बाराचट्टी, जिला गया, बिहार को गिरफ्तार किया गया।वहीं थाना कोरंधा के अपराध क्रमांक 04/2026 का सरगना आरोपी भूपेन्द्र उरांव उर्फ भूपेन्द्रा उरांव पिता भुनेश्वर उरांव (38 वर्ष) निवासी ग्राम चाया, पोस्ट कुन्दा, पंचायत बोधाडीह, जिला चतरा (झारखंड) को उसके गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया गया है और उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में एंड टू एंड विवेचना अभी जारी है और अवैध अफीम नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
































