अंबिकापुर: सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार भावराडांड सीतापुर निवासी शिवशंकर खलखो ने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 15 सीएल 0190) से रिश्तेदार को खाना पहुंचाने जिला अस्पताल गया था। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर गया, लेकिन वापस लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 51/26 के तहत धारा 305(बी) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक सांडबार पुलिया की ओर चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अक्षय पटेल उर्फ अक्षत (21 वर्ष) निवासी सिलसिला चौकी रघुनाथपुर थाना लुंड्रा बताया और बाइक चोरी की घटना स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिलजब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में थाना गांधीनगर से जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगड़े सहित पुलिस व साइबर टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!