


बलरामपुर। वन परिक्षेत्र बलरामपुर अंतर्गत रामचौरा वनखंड में जंगल में आग लगाने की कोशिश कर रहे एक युवक को वन विभाग की टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल बादर, बीट पीपराही अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक पी-3335, वनखण्ड रामचौरा के काठोपानी नामक स्थान पर वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम बरदर निवासी संतोष पिता भागीरथी को जंगल में आग लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22043/04 दिनांक 14 मार्च 2026 दर्ज करते हुए भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(घ) तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सम्पूर्ण कार्रवाई के दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना के नेतृत्व में वनक्षेत्रपाल प्रहलाद तिवारी, वनपाल घासी राम तथा वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह और अजीत कुजूर उपस्थित रहे। वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर नियमानुसार जप्ती एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई।































