बलरामपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इसी क्रम में क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता सुनील सिंह को जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन के प्रति लंबे समय से किए जा रहे समर्पण और सक्रिय योगदान का सम्मान माना जा रहा है।

सुनील सिंह पिछले लगभग 25 वर्षों से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर रहते हुए जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने करीब 15 वर्षों तक जिला कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता के रूप में कार्य किया और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इसके अलावा वे राजपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में भी लगभग पांच वर्षों तक कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने का प्रयास किया। सुनील सिंह राजपुर विकासखंड के ग्राम नरसिंहपुर के पूर्व उपसरपंच भी रह चुके हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर उनका जनसंपर्क मजबूत रहा है।उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने खुशी जताते हुए इसे संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।अपनी नियुक्ति पर सुनील सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जिला संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करेंगे और कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव व बूथ स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और कार्यकर्ताओं को संगठित करने की बात कही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!