


MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान में अचानक बढ़ोतरी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होता है, लेकिन इस साल मौसम का ट्रेंड कुछ अलग दिखाई दे रहा है। महीने के दूसरे पखवाड़े का इंतजार किए बिना ही मार्च की शुरुआत में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। खासकर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
अगर बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। वहीं भोपाल में तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 39.4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा खजुराहो में 36.8 डिग्री, धार में 36.6 डिग्री, दमोह, सागर और श्योपुर में 36.4 डिग्री तथा रतलाम में 36.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार MP Weather Update में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में करीब 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई इलाकों में पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मार्च में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन अप्रैल और मई में 15 से 20 दिनों तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
































