

बलरामपुर।बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी और आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, चिलमा निवासी जय सिंह (36 वर्ष) ने 21 अप्रैल 2026 को थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 C 2167 को अज्ञात व्यक्ति ने घर के आंगन से चोरी कर लिया। बाद में वाहन को आग के हवाले कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भेंडरी निवासी अजय कुमार चेरवा (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जली हुई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया।इस प्रकरण में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) एवं 326(एफ) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना में जुटी हुई है।

































